Menu
blogid : 129 postid : 14

तेरे में बहुत ‘नमक’ है रे भाई…

गोल से पहले
गोल से पहले
  • 72 Posts
  • 304 Comments

आज जो बातें लिख रहा हूं, मेरी समझ से व्यक्तित्व विकास के लिए यह बड़ा महत्वपूर्ण चैप्टर है। यदि आप इसे पढ़ रहे हैं तो गौर से और गंभीरता से पढ़ने की गुजारिश है। मेरे एक सहयोगी हैं, उन्होंने कहा कि आप पत्रकार हैं, पत्र, पत्रिकाओं और पत्रकारों के बारे में भी लिखिए। यह उनका सुझाव था। मैं मानूंगा या नहीं, यह तो बाद की बात है, पर उनकी बात से एक बात साफ होती है, उस पर ध्यान देने की जरूरत है। क्या है वह बात? वह है – संभावनाएं। मेरे साथी ने मुझमें पत्र, पत्रिकाओं और पत्रकारों के बारे में लिख सकने लायक संभावनाएं देखीं। आपको जहां कहीं भी जगह मिलती है, सम्मान मिलता है, संवाद का अवसर प्राप्त होता है, वह सब आपके अंदर छिपी संभावनाओं के मुतल्लिक ही तो मिलता है। और एक आदमी में कितनी संभावनाएं हैं!? दो बातें हैं। एक तो कुछ संभावनाएं व्यक्ति के अंदर जन्मजात होती हैं। जन्म के साथ ही व्यक्ति बेटा-बेटी- भाई-बहन, साला-साली आदि रिश्तों की संभावनाएं लेकर धरती पर आता है। अब उसमें पढ़ने की संभावनाएं हैं, चोरी करने की संभावनाएं हैं, कुश्ती लड़ने की संभावनाएं हैं, पुजारी बनने की संभावनाएं हैं, यहां तक कि माफिया बनने की भी संभावनाएं हैं। परिस्थितियों के अनुसार संभावनाओं का विकास होता है और व्यक्ति उसके मुताबिक ढ़लता है। दूसरी बात है कि जन्मजात संभावनाओं के मद्देनजर आपको आगे की संभावनाओं के द्वार खोलने होते हैं, उसे मजबूत करना होता है। यह ऐसा है कि आपको स्कूल में डाल दिया गया पढ़ने के लिए और आप क्लास छोड़कर सिनेमा देख रहे हैं। आपने पढ़कर एक बेहतर इंसान बनने की संभावनाओं के मार्ग बंद कर दिए। है न? आपको किसी ने कहीं नौकरी लगा दी, आपने वहां कड़ी मेहनत की और प्रोन्नति पाते चले गए, आपका वेतन भी बढ़ा। इसका मतलब आपने अपने लिए संभावनाओं का द्वार खोला।
अब एक और बात पर गौर फरमाएं। आदमी आम तौर पर जन्म लेने के बाद से मौत की घड़ी आने तक सिर्फ दूसरों की और दूसरों के लिए चिंताएं करता है। कभी खुद के बारे में नहीं सोचता। आपने सोचा क्या? आपमें पहलवान होने की संभावनाएं थीं और आप बना दिए गए पुजारी। नतीजा क्या हो रहा है-आप मंदिर में कुश्ती फरमा रहे हैं। आपको चोर होना था, आप बना दिए गए अधिकारी। नतीजा क्या हो रहा है-दफ्तर में आप घपले दर घपले कर रहे हैं, जेल जा रहे हैं, केस लड़ रहे हैं। आपको भगवत-भजन करना था और आप बना दिए गए सिरमौर। नतीजा-देश हमले और दंगे झेल रहा है, कराह रहा है। आपको बनना था माफिया, आप बन गए थानेदार। नतीजा-यह थानेदारों और आम जनता पर छोड़ता हूं।
तो कुल मिलाकर कहना यह चाहता हूं कि एक व्यक्ति के अंदर कई तरह की संभावनाएं छिपी होती हैं। जरूरत है उसे समझने की और उसके मुताबिक खुद को ढ़ालने की। आप बाजार में संभावनाएं तलाशते हैं, दिन-रात-हफ्तों-महीनों-सालों बर्बाद करते हैं, पर आपको अपने अंदर छिपी संभावनाओं का ही पता नहीं होता। कितना खतरनाक है यह। जो अपने अंदर छिपी संभावनाओं को नहीं जानता, उसमें आत्मविश्वास कहां से आएगा? वह अपने आप को किस लायक पाएगा? है न यह विचार करने की बात? आपके व्यक्तित्व विकास के लिए यह बहुत जरूरी है कि आप अपने अंदर छिपी संभावनाओं के हर पहलू को अच्छी तरह समझें और फिर उसके मुताबिक आचरण तय करें। व्यक्तित्व विकास पर अभी बातें जारी रहेंगी। अगली पोस्ट में पढ़िए – टार्गेट हो तो टार्गेट ओरिएंटेड जाब करो।

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh